सफर जारी है 38

 #सफर_जारी_है_38


मौसम फिर बदलाव की तरफ है। बादल अपना डेरा लेकर वापस आ गए हैं। सूर्योदय के बाद भी हल्की ठंड बरकरार है। बस आ गई। आज भीड़ ठीक-ठाक है। मेरी सीट आरक्षित है। असलम भाई बस स्टैंड से ही बस में बैठ जाते हैं और मेरी जगह भी रोक लेते हैं। आज सीट भर चुकी है। एक बुड्ढी मां को असलम भाई ने सीट दे दी। मुझे देखते ही खड़े होते हुए बोले,"आओ रामजी। बैठो।" मैंने मना किया फिर भी ज़बरदस्ती बिठा ही दिया। बस रफ्तार पकड़ चुकी है। मानकसर आवरब्रिज से निकलते समय धान की फसल की सुगंध मुझे अपनी और आकर्षित करने लगी। क्या शानदार नजारा है। पहले जो चारों तरफ हरियाली ही हरियाली नज़र आती थी अब वहां पिली चद्दर बिछी है। धान अब परवान पर है। जहां तक नजर जाती है धान की लहलहाती फसल नजर आ रही है। इस सुंगध में किसान के पसीने की गंध भी शामिल है। काफी मेहनत का परिणाम है यह सुगंध।
बुड्ढी मां ने पास ही खड़े जानकर युवक के साथ बातचीत शुरू कर दी। घर परिवार की बातें करते हुए उह युवक से पुछा,"आजकल क्या कर रहे हो। कहीं काम लगे हो या फिर खाली बैठे हो।"
"मैंने दुकान कर ली दादी। दो तीन साल इधर उधर काम किया। पूरे पैसे कोई देता नहीं और काम करवाते हैं चार गुना। कई बार मन में आया कि अपना काम शुरू करूं। जैसे ही हिम्मत करता, कोई न कोई वापस डरा देता कि इस कम्पीटिशन में कोई पैर नहीं लगने देगा। तेरे पास सम्पति तो है नहीं। जो कुछ करना है लोन लेकर करना है। यदि धंधा नहीं चला तो कहीं का नहीं रहेगा। फिर एक साथी ने हौंसला अफजाई की। उसने कहा कि केवल सोचने से कुछ नहीं होने वाला। ऐसे जिन्दगी नहीं चलती। यदि खुद पर विश्वास है और कुछ करने का जुनून है तो सफलता मिलकर रहेगी। कुछ नए विचार के साथ, कुछ नए ढंग से काम शुरू कर। अपने ग्राहकों को संतुष्ट करने की कला आनी चाहिए। ऐसे डरते रहेगा तो कोई काम नहीं कर पाएगा। जिनका काम चल रहा है, उन्होंने भी कहीं से शुरूआत की होगी। मैंने दुकान करने का फैसला लिया और आज मेरी दुकान बढ़िया चल रही है।" उस युवक का जवाब आया।
सच में किसी भी काम को कहीं से तो शुरू करना ही होता है। यदि काम शुरू करने से पहले ही असफलता का डर मन में बैठा लेंगे तो हम काम भी पूरे मनोयोग से नहीं कर पाएंगे। ऐसी स्थिति में सफलता तो संदिग्ध हो ही जाती है। हमें अपने आप पर विश्वास रखना होगा। सफलता का रास्ता हमारी मेहनत और साहस में छिपा है। तो फिर डर छोड़िए और निकल पड़िए अपनी मंजिल की ओर.... सफलता आपका रास्ता देख रही है...

सफर जारी है.....

Comments

Popular posts from this blog

सफलता राह देख रही है