#सफर_जारी_है__7

......बस अपनी गति से आगे बढ़ रही है। कन्डेक्टर टिकट काटने में व्यस्त है। कुछ सवारियां अपनी बातचीत में मशगूल है। कुछ लोग दिन भर बाजार में धक्के खाने के बाद थकान से चूर है। बस के हिचकोले उनके लिए लोरी का काम कर रहे हैं।
पीछे वाली सीट पर एक आदमी और एक औरत बैठे हैं, शायद पति पत्नी है। उनके साथ एक लड़का भी है। शायद उनका बेटा होगा। तीनों आपस में धीरे धीरे बातचीत कर रहे हैं। अचानक लड़का जोर से बोला "मुझे नहीं पता। मुझे तो पढ़ना है। मुझे नहीं करना आप वाला काम ।"
उसकी आवाज सुनकर मैं पीछे मुड़ा। यह 14-15 वर्ष का बालक था। मैंने उससे पूछा" क्या हुआ बेटे?"
उसका पिता बोले,"कुछ नहीं भाई साहब, ऐसे ही जिद्द कर रहा है।"
" मैंने अभी सुना,यह कह रहा था कि मुझे पढ़ना है। क्या आप इसे पढ़ा नहीं रहे?" मैंने दुसरा प्रश्न किया।
"इस बार इसने आठवीं की परीक्षा दी है। ये अब आगे पढ़ना चाहता है परन्तु ये कह रहें हैं, इतना काफी है। मैं भी इनकी मिन्नतें कर रही हूं कि और पढ़ाएंगे। पर मान ही नहीं रहे। कहते हैं काम में हाथ बंटाओ।" इस बार लड़के की मां बोली।
मेरे कुछ बोलने से पहले ही वो कहने लगा,"क्या करना है ज्यादा पढ़ाकर। हिसाब किताब सीख गया। ये ही सीखना था। आगे चलकर काम ही करना है। अभी लग जाएगा तो काम सीख जाएगा, साथ में मेरा भी हाथ बंट जाएगा।"
"क्या काम करते हो।"
"खेत में मजदूरी।"
"इससे जीवन-भर मजदूरी कराना चाहते हो।"
"और कोई रास्ता भी नहीं है। ग़रीबी क्या नहीं करवाती है भाई साहब। मेरे एक की कमाई से घर का खर्च नहीं निकल रहा। इसलिए मैं इसको अपने साथ काम पर लगाना चाहता हूं।"
मैंने उसे समझाना शुरू किया,"तुम्हारे पास इस गरीबी के चक्रव्यूह से निकलने का एक ही रास्ता है पढ़ाई। ओर कोई रास्ता नहीं है। यदि इस बच्चे की पढ़ाई पर ध्यान दोगे तो ये पढ़-लिख कर कामयाब हो जाएगा। जीवन सुधर जाएगा। आजकल अनपढ़ के लिए मजदूरी करना भी आसान नहीं है। तकनीकी जमाना है। तकनीकी जानकारी के लिए पढ़ाई जरूरी है। इसको पढ़ाने के लिए दिन दूनी रात चौगुनी मेहनत करो। परंतु इसे पढ़ाओ भाई।"
अपनी सीट से खड़े होते हुए बोला,"भाई साहब आपकी बातों ने मुझे सोचने के लिए मजबूर कर दिया। अब मैंने इसको पढ़ाने के लिए सोच लिया है। आपका धन्यवाद समय पर मेरी आंखें खोलने के लिए।" ऐसा कहते हुए खिड़की की तरफ बढ़ गया। पिछे पिछे औरत और वो लड़का भी चल पड़ा। शायद उनका स्टेंड आना वाला है। लड़का मेरी तरफ देख कर मुस्कुरा रहा है। उसकी मुस्कराहट में उसकी खुशी झलक रही है जो मुझे सुकून दे रही है।
बस धीमी हो रही है........

......सफर जारी है.........

Comments

Popular posts from this blog

सफलता राह देख रही है